साफ-सफाई का होता है निरीक्षण : रमेश मटियाला
निगम के अंतर्गत जो मुख्य कार्य आता है वह साफ-सफाई का है। यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। बारिश के दौरान यह जिम्मेदारी बढ़ जाती है। ऐसे में मटियाला वार्ड में इसको लेकर सफाई कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। इसके अलावा प्रतिदिन किसी न किसी कॉलोनी में जाकर स्वयं साफ-सफाई का जायजा लेता हूं और लोगों से इस बाबत पूछता भी हूं। अगर कहीं पर लापरवाही नजर आती है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाता है। यह बात दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में नेता विपक्ष और मटियाला के निगम पार्षद रमेश मटियाला ने कहीं।
उन्होंने कहा कि साफ-सफाई के अलावा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए निगम स्वास्थ्य विभाग की टीम वार्ड में जाकर लोगों को जागरूक करती है। इस दौरान लोगों के बीच पर्चियां भी बांटी जाती हैं, जिसमें डेंगू और चिकनगुनिया से बचने के उपाय के बारे में बातें लिखी होती हैं। वहीं, बारिश के मौसम को देखते हुए मटियाला-¨बदापुर रोड स्थित बारात घर में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बीपी, शूगर, ईसीजी सहित कई अन्य जांच नि:शुल्क की गई। इसके अलावा चिकित्सकों ने लोगों को सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा इलाके के पार्कों की दशा को ठीक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पार्कों में हरियाली रहे इसको लेकर निगम की ओर से पौधे भी लगाए जा रहे हैं। वहीं, आरडब्ल्यूए के साथ मिलकर समय-समय पर बैठक का आयोजन किया जाता है। इस दौरान उनकी समस्याओं को जानने का मौका मिलता है।
Source - Danik Jagarn

Comments
Post a Comment